रात 10 बजे बाद भी बज रहे डीजे, पुलिस ने डीजे संचालक पर दर्ज किया प्रकरण

भास्कर संवाददाता | रायसेन जिले भर में सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। 25 फरवरी से माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। इस समय छात्र-छात्राएं अपनी परीक्षाओं की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसके बावजूद शादी-विवाह स्थल और बारातों में तेज ध्वनि के साथ डीजे बजाए जा रहे हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। रात में 10 बजे के बाद बेमिशाल गार्डन में तेज ध्वनि के साथ डीजे बजाने को लेकर कोतवाली पुलिस ने झलक डीजे संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। परीक्षाओं का सीजन शुरू होने से छात्र-छात्राएं लगन और निष्ठा के साथ वार्षिक परीक्षा फल में बेहतर परिणाम लाने के लिए पढ़ाई में लगे हुए हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार रात 10 बजे के बाद ध्वनि लाउडस्पीकर को बजाने पर प्रतिबंध है। इसके विपरीत शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमों की अनदेखी की जा रही है। कंपन से हो चुकी है मौत हार्ट और बीपी के मरीजों को डीजे की ध्वनि और कंपन से जीवन को खतरा बना हुआ है। दस दिन पहले सांची-विदिशा रोड के एक गार्डन में 23 साल की एक युवती की स्टेज पर डांस करते-करते मौत हो गई थी। अन्य शहरों में भी कई लोग डीजे के प्रभाव के चलते मौत के आगोश में समा चुके हैं। इसके बाद डीजे पर प्रतिबंध लगाने की बात भी उठ रही है। शादी घरों, धर्मशालाओं में देर रात तक इस तरह के आयोजन होते रहते हैं, जहां डीजे, बैंड तेज आवाज में बजाए जाते हैं। इसके चलते छात्र परेशान होते हैं। डीजे संचालक पर केस रविवार की रात में राम अयोध्या गार्डन में रात 10 बजे के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर झलक डीजे संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। ऐसी कार्रवाई आगे भी की जाती रहेगी। – संदीप चौरसिया, टीआई कोतवाली थाना रायसेन

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *