बारां में बिजली चोरों पर बड़ी कार्रवाई, 100 कनेक्शन काटे:निगम का 15 लाख रुपए कई वर्षों से बकाया, एक व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज

बारां शहर में बिजली चोरी के खिलाफ निगम ने सख्त अभियान चलाया है। इस कार्रवाई में 100 से अधिक परिसरों के अवैध विद्युत कनेक्शन हटाए गए हैं। यह अभियान उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उन उपभोक्ताओं के खिलाफ शुरू किया गया है, जिनके अस्थायी या स्थायी रूप से विच्छेदित कनेक्शनों के बावजूद अवैध उपयोग जारी था। विभाग ने उन फीडरों को प्राथमिकता दी, जहां विद्युत छीजत (लाइन लॉस) सर्वाधिक पाई गई थी। कनिष्ठ अभियंता (शहरी-द्वितीय) के अधीन 33/11 केवी उपकेंद्र नियाना से निकलने वाले 11 केवी मुरली जी मंदिर फीडर और कनिष्ठ अभियंता (शहरी-तृतीय) के अधीन 33/11 केवी उपकेंद्र चारमूर्ति से निकलने वाले कोटा रोड नंबर 5 और संजय कॉलोनी फीडर पर विशेष कार्रवाई की गई। इन फीडरों पर लंबे समय से अधिक लाइन लॉस दर्ज किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान हटाए गए अवैध कनेक्शनों से जुड़े उपभोक्ताओं पर करीब 15 लाख रुपए का बकाया कई वर्षों से लंबित है। अभियान के तहत अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पकड़े गए मोनू नामक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस थाने में नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को वैध विद्युत कनेक्शन लेकर नियमानुसार बिजली उपयोग करने की समझाइश भी दी। अधिकारियों ने ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बिजली की बचत ही भविष्य की सुरक्षा है। इस अभियान में कनिष्ठ अभियंता सुनील मेहता, अजय नरुका और एफआरटी टीम सहित दर्जनों कर्मचारी शामिल थे। बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्युत चोरी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *