रुद्राभिषेक व पूर्णाहुति के बाद 16 होगा समापन

भास्कर न्यूज | मारो मांडूक्य ऋषि की पावन तपोस्थली श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर 14, 15 एवं 16 फरवरी को त्रिदिवसीय शिव आराधना महोत्सव का शुभारंभ कलशयात्रा के साथ हुआ। सुबह महामाया मंदिर मदकू से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात कलशयात्रा निकाली गई। यात्रा में कर्मा नर्तक दल, पारंपरिक बाजे-गाजे और भक्ति गीतों के बीच महिलाएं एवं बालिकाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। कलशयात्रा मदकू, ठेलकी, बासिन, बड़ियाडीह, देवाकर, लमती, किरना, मदवानी, दरूवनकापा, बारगांव, चंद्रखुरी, परसवानी, कड़ार, कोटमी, अकोली, दतरेंगी, अमलडीहा, घुठिया सहित लगभग 20 ग्रामों से होकर यज्ञमंडप पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। यात्रा के साथ चल रहे कर्मा नृत्य दल ने पारंपरिक लोकसंस्कृति की मनमोहक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। यज्ञमंडप में कलश स्थापित होने के साथ ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञारंभ हुआ। तीन आवृत्ति रुद्राभिषेक के पश्चात हवन संपन्न किया गया। दूरदराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित तैयारी की गई है। त्रिदिवसीय महोत्सव के द्वितीय दिवस महाशिवरात्रि पर विशेष रुद्राभिषेक, हवन, रात्रि में अहोरात्र रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। तृतीय दिवस विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों और पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य व्यवस्थाओं को सुचारू रखने में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। पूरे क्षेत्र में तीन दिवसीय शिव आराधना महोत्सव को लेकर उत्साह, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना हुआ है। कलशयात्रा में जिला पंचायत सभापति अम्बालिका साहू, नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष परमानंद साहू, जनपद सभापति मनीष साहू, भाजपा मण्डल अध्यक्ष पोषण यादव, पंकज वर्मा, उदित साहू, रघु ठाकुर, वीरेंद्र तिवारी, बिहारी राजपूत, सुंदर साहू, जनपद सदस्य संजीव नेताम, लक्ष्मण साहू, जलवती घृतलहरे सहित श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *