भास्कर न्यूज| धमतरी
जिले के धमतरी ग्रामीण परियोजना अंतर्गत सेक्टर झिरिया के केंद्र क्रमांक-1, नवागांव कंडेल में वजन त्योहार का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य 6 साल तक के बच्चों एवं गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी कर उनके पोषण स्तर का आकलन करना तथा अभिभावकों को जागरूक करना था। इस अवसर पर 73 बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापा गया। गर्भवती माताओं का भी वजन और ऊंचाई का परीक्षण किया गया, ताकि उनके स्वास्थ्य की स्थिति का समय-समय पर मूल्यांकन किया जा सके। महिला एवं बाल विकास विभाग धमतरी की पर्यवेक्षक तारकेश्वरी साहू ने उपस्थित पालकों को सामुदायिक वृद्धि चार्ट के माध्यम से बच्चों के पोषण स्तर की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घर में उपलब्ध दाल, चावल, हरी सब्जियां, मौसमी फल, अंडा एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ बच्चों के समुचित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने पालकों को पैकेट बंद एवं बाजारू खाद्य पदार्थों से बच्चों को दूर रखने की सलाह दी, क्योंकि इनसे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गेमेश्वरी साहू द्वारा जनसहयोग से केंद्र के 20 बच्चों को गणवेश वितरण किया। गणवेश वितरण के लिए मनराखन लाल साहू ग्राम पटेल, प्रकाश कुमार साहू शिक्षक, विशाल कुमार साहू द्वारा आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता भी रही। सरपंच लखनलाल ध्रुव, उपसरपंच जीवनलाल डहरिया, पंच उर्वशी साहू, राही साहू, बुद्धिमती साहू, राजेंद्र सिन्हा, रेखराम साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गायत्री बंजारे, सहायिका धनेश्वरी साहू, रेणुका आदि उपस्थित थे।


