झारखंड में नगर निकाय चुनाव भले ही गैर दलीय हो रहा है, लेकिन भाजपा ने इसमें पूरी ताकत झोंक दी है। अब चुनाव प्रचार की कमान स्टार प्रचारकों के हाथ होगी। सोमवार से पार्टी के सभी पूर्व मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सांसद-विधायक मैदान में उतरेंगे। सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत में पार्टी समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में धुआंधार प्रचार करेंगे। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, बाबूलाल मरांडी व चंपाई सोरेन, केंद्रीय मंत्री संजय सेठ व अन्नपूर्णा देवी और सांसद निशिकांत दुबे व दीपक प्रकाश का रूट चार्ट तैयार कर लिया है। इनके साथ ही राज्य के सभी भाजपा सांसदों व विधायकों का भी कार्यक्रम तय हो गया है। ये सभी नेता प्रत्याशी के पक्ष में छोटी-बड़ी सभाओं के अलावा नुक्कड़ सभा करेंगे।
राष्ट्रीय नेताओं का दौरा भी शुरू…भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं का दौरा भी शुरू हो चुका है। पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह शनिवार को मेदिनीनगर में थे, जबकि रविवार को वे गढ़वा में रहेंगे। इनके अलावा भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा का एक बार फिर कार्यक्रम बन रहा है। उधर, अरुण सिंह ने शुक्रवार को रांची की मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो के पक्ष में चुनाव प्रचार किया।
कांग्रेस – मंत्री-पूर्व मंत्रियों व विधायकों को उतारा, हर वार्ड में वरिष्ठ नेता को भी दी गई जिम्मेदारी कांग्रेस ने भी अपने सभी मंत्रियों-पूर्व मंत्रियों और विधायकों को चुनाव प्रचार में उतार दिया है। मांग के अनुसार नेता उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रांची में हर वार्ड में एक वरिष्ठ नेता को प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा खिजरी विधायक राजेश कच्छप को आठ वार्ड, कांके विधायक सुरेश बैठा को 10 वार्ड और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय को आठ वार्ड की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने वरिष्ठ नेता अजय शाहदेव को भी चुनाव प्रचार से जोड़ा है। वहीं तीन मंत्रियों डॉ. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की और दीपिका पांडेय सिंह ने भी रांची में प्रचार शुरू कर दिया है। वे सभा और बैठक कर रहे हैं। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर भी रांची लौटते ही प्रचार में जुड़ जाएंगे। पार्टी रोजाना के प्रचार के हिसाब से रोडमैप तैयार कर रही है। झामुमो – मांग के आधार पर मिल रहे प्रचारक झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि जिला एवं महानगर समिति द्वारा मांग के आधार पर प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार के लिए मंत्री, सांसद व विधायकों को उतारा जा रहा है। ताकि वे पार्टी समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव अभियान चला सके। पार्टी में नेताओं की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है। राज्य स्तर पर एक रणनीति बनाई जा रही है। इसे जल्दी ही सार्वजनिक की जाएगी। इधर, भाजपा ने 19 बागियों को किया शोकॉज भाजपा ने शनिवार को 19 बागी प्रत्याशियों को शोकॉज किया है। ये या तो भाजपा समर्थित प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं या फिर पत्नी को मैदान में उतारा है। प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने शोकॉज नोटिस में कहा है कि आप पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त हैं, जो अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। सात दिन में प्रदेश कार्यालय में स्पष्टीकरण सौंपें, वरना अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।


