जालंधर| मल्टीमीडिया क्लब की ओर से ‘वर्ल्ड रेडियो डे’ मनाया गया। एचएमवी में इस कार्यक्रम का उद्देश्य संचार के एक शक्तिशाली और स्थायी माध्यम के रूप में रेडियो के महत्व को उजागर करना था। समारोह की शुरुआत “माय रेडियो माय लाइफ” डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग के साथ हुई, जिसमें रेडियो के विकास और उसके सामाजिक प्रभाव को दर्शाया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाया गया कि डिजिटल युग में भी रेडियो की प्रासंगिकता किस प्रकार बनी हुई है। इसके पश्चात एक मनोरंजक क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने रेडियो ब्रॉडकास्टिंग से जुड़े अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया। प्रिंसिपल डॉ. एकता खोसला ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियों से पारंपरिक मीडिया के प्रति विद्यार्थियों की समझ और सम्मान बढ़ता है। विभाग प्रमुख आशीष चड्ढा ने छात्रों को बदलते मीडिया परिदृश्य में ऑडियो स्टोरीटेलिंग के नए प्रारूपों को तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर डॉ. नवरूप कौर ने क्विज़ प्रतियोगिता के विजेताओं किरण, तनु, मन्नत, अंजलि, शगुन शर्मा, सुनैना, जसमीन और तमन्ना को उपहार देकर सम्मानित किया।


