भास्कर न्यूज | कोरबा चरित्र शंका की वजह से हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से बंद कमरे में झगड़ा कर उसे चाकू (चापड़) मारा। बचाने के लिए पहुंची मां-बहन पर भी उसने हमला किया। घटना में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। सिटी कोतवाली अंतर्गत सीतामणी के वैष्णो दरबार के पास निवासरत रामेश्वर साहू कुछ काम नहीं करता है। उसकी पत्नी सुनीता साहू (27) मजदूरी कर घर का खर्च चलाती है। रामेश्वर पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह करते हुए आए दिन विवाद करता था। शनिवार दोपहर 1 बजे विवाद के दौरान रामेश्वर ने घर में अपना कमरा बंद कर अंदर पत्नी को चाकू (चापड़) से मारने लगा। सुनीता ने बचाने आवाज लगाई तो उसकी ननद निर्मला और सास सावन साहू वहां पहुंची। इस दौरान गुस्से में रामेश्वर ने अपनी मां-बहन पर भी चाकू से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग वहां पहुंचे और उन्होंने रामेश्वर को पकड़कर तीनों को बचाया। सिर, चेहरे, सीने समेत कई जगह चाकू से हमला के कारण सुनीता की हालत गंभीर होने पर उसे ऑटो में मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। मां और बहन को भी चाकू से जख्म पहुुंचा, उनका प्राथमिक इलाज किया गया। घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी रामेश्वर को पकड़ लिया।


