क्राइम रिपोर्टर | भिलाई जिले के पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य संबंधी टिप्स देने के लिए पुलिस लाइन में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जहां फिजियोथेरेपिस्ट और डाइटिशियन ने शारीरिक मांसपेशी खिंचाव एवं दर्द से बचाव पर विशेष व्याख्यान दिया। इसके अलावा फिजियोथेरापी एवं संतुलित आहार के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया। शुक्रवार को रक्षित केन्द्र दुर्ग के पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जागरुकता सत्र आयोजित किया गया। सत्र में फिजियोथेरेपिस्ट एवं सर्टिफाइड डाइटिशियन नेहा बत्रा ने मांसपेशियों में खिंचाव, कमर दर्द, पीठ दर्द तथा लंबे समय तक खड़े रहने या ड्यूटी के दौरान होने वाले शारीरिक दर्द के कारण एवं उनके निवारण के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। सत्र के दौरान सही शारीरिक मुद्रा, नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं फिजियोथेरापी के माध्यम से उपचार की विधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में लगभग 112 अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस कर्मियों से अपील की गई कि वे नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, व्यायाम एवं संतुलित आहार को दैनिक दिनचर्या में शामिल करें, जिससे वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर अपने कर्तव्यों का प्रभावी निर्वहन कर सकें। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रक्षित निरीक्षक नीलकंठ वर्मा एवं रक्षित केन्द्र स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।


