भास्कर न्यूज | पाटन नगर पालिका परिषद अमलेश्वर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला अमलेश्वरडीह का भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में है। वर्तमान में यहां लगभग 80 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन लंबे समय से इसी जर्जर भवन में पढ़ाई संचालित होने के कारण किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नगरवासियों, जनप्रतिनिधियों और शाला प्रबंधन समिति ने एकजुट होकर छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर सर्वसुविधायुक्त नए स्कूल भवन की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि लंबे समय से नए भवन की स्वीकृति लंबित है, जिससे बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही नए भवन की स्वीकृति नहीं दी जाती है, तो नगरवासी और अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से विवश हो सकते हैं, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। मांग करने वालों में प्रमुख रूप से पालिका उपाध्यक्ष ओमप्रकाश साहू, रामाधार साहू, पार्षद मालती साहू, पार्षद डोमन यादव, गिरधर साहू, ताम्रध्वज साहू, चैनसिंह साहू, कीर्ति यादव, भागी साहू, घासी यादव, जयप्रकाश साहू, राजेंद्र मेश्राम आदि शामिल हैं।


