भास्कर न्यूज | रायगढ़ बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात फिर तीन हाथियों का दल सुबह लगभग 4 बजे खरीदी केंद्र पहुंच गया और यहां रखी धान की बोरियों को एक-एक कर ले जाकर खाने लगा। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास करती रही, लेकिन तब तक हाथी 11 बोरियां धान खा चुके थे। हाथियों के जंगल की ओर लौटते ही समिति प्रबंधक और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। इस साल खरीदी केंद्र में हाथियों द्वारा लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। जिले में धान खरीदी तो समाप्त हो चुकी है, लेकिन खरीदी गई धान का उठाव पूरी तरह नहीं हो पाया है। खाद्य विभाग के अनुसार अब तक 340 बोरी से अधिक धान को हाथी चट कर चुके हैं। वन विभाग लगातार नुकसान का आकलन कर रहा है और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में उठाव तेजी से करने की बात भी कह रहा है। जानकारों का कहना है कि पिछले खरीदी सीजन में हाथी 60 से 80 बोरी तक ही नुकसान पहुंचाते थे, लेकिन इस वर्ष यह आंकड़ा 6-7 गुना बढ़ गया है। हाथियों को रोकने के प्रयास लगातार विफल हो रहे हैं। वन विभाग के अनुसार बंगुरसिया क्षेत्र में 31 हाथियों का बड़ा दल घूम रहा है। शनिवार की रात हाथियों ने एक किसान की सब्जी फसल को भी नुकसान पहुंचाया। ^बंगुरसिया धान खरीदी केंद्र में 16 सौ क्विंटल धान का उठाव बाकी है। हाथियों के नुकसान से बचाने के लिए लगातार उठाव किया जा रहा है। समिति में लेबर की कमी है, इसी कारण उठाव में देरी हो रही है। इसका अपडेट लेकर जल्द उठाव पूरा किया जाएगा। – चितरंजन सिंह, खाद्य अधिकारी


