भास्कर न्यूज | राजनांदगांव शहर में रियासत कालीन दौर से लगभग डेढ़ सौ वर्ष पुरानी होलिका दहन की परंपरा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य रूप से निर्वाहन की जाएगी। इस वर्ष भी यहां विधि-विधान से होलिका दहन किया जाएगा। प्रतिवर्ष यहां होलिका दहन से पूर्व ठंडी होली की पूजा करने की परंपरा है जिसमें सैकड़ों महिलाएं शामिल होती हैं। इस वर्ष भी श्री बालाजी हनुमान मंदिर समिति के द्वारा यहां परंपरागत होलिका दहन का आयोजन किया गया है। गंज चौक स्थित श्रीबालाजी हनुमान मंदिर के पुजारी हनुमान प्रसाद ने बताया कि यहां महिलाओं द्वारा 2 मार्च की सुबह 9 बजे से होलिका पूजन का आयोजन किया जाएगा जो शाम 5 बजे तक चलेगा। वहीं होलिका दहन से पूर्व 2 मार्च की रात्रि में भजन संध्या का आयोजन किया गया है। मुहूर्त अनुसार 3 मार्च की सुबह 5 बजकर 40 मिनट पर होलिका दहन होगा।


