भास्कर न्यूज | सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महोरा में जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर युवक ने अपने ही 14 वर्षीय चचेरे भाई की टांगी (कुल्हाड़ी) से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 11 फरवरी की शाम करीब 5 बजे ग्राम महोरा निवासी मंगलूराम पण्डो के साले को एक व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि उसका बड़ा बेटा लालसाय (14 वर्ष) गहुआ भादा जंगल में मृत पड़ा है। परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन रात के अंधेरे के कारण शव नहीं मिल सका। अगले दिन 12 फरवरी को तलाशी के दौरान पुल भादा की ओर जाने वाली पगडंडी के पास लालसाय का शव बरामद हुआ, जिसके गले पर जख्म थे। पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया और संदेही देवसाय पण्डो उर्फ देवान (28 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि जमीन बंटवारे को लेकर उसका लालसाय के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना के दिन उसने लालसाय को अपना निर्माणाधीन मकान दिखाने के बहाने बुलाया और विवाद होने पर उसे जंगल ले गया। वहां उसने टांगी से उसके गले पर वार किया। घायल बालक ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पीछा कर दोबारा प्रहार किया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने मृतक के ही मोबाइल से उसके मामा को फोन किया ताकि परिवार को गुमराह किया जा सके। वारदात के बाद उसने मोबाइल, सिम और बैटरी को अलग-अलग कर झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी (कुल्हाड़ी), मृतक का की-पैड मोबाइल, टूटा हुआ सिम और बैटरी बरामद किया। पुलिस ने आरोपी देवसाय पण्डो को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


