भास्कर न्यूज |जांजगीर-हसौद इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में सक्ती जिले के ग्राम देवरघटा के रहने वाले व्यक्ति की 12 फरवरी को गला रेतकर हत्या कर दी गई। शव रेलवे ट्रैक के पास पाया गया था। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरघटा निवासी खोजराम नारंगे (40) मध्यप्रदेश के इंदौर में निजी कंपनी में काम कर रहा था। वह 4-5 महीने से वहां नौकरी पर था। 12 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे बाणगंगा पुलिस को एमआर-4 रेलवे पटरी के पास शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। मृतक की पहचान खोजराम नारंगे के रूप में की गई, जो पोलोग्राउंड क्षेत्र की फैक्ट्री में काम करता था। प्रारंभिक जांच में गला रेतकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस लूट और आपसी विवाद, दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। रात को कमरे में नहीं पहुंचा, सुबह मिली लाश: खोजराम 11 फरवरी की रात अपने कमरे पर नहीं पहुंचा था। इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। अगले दिन सुबह रेलवे पटरी के पास शव बरामद हुआ। पुलिस मृतक के साथियों और फैक्ट्री से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा मृतक के घर पहुंचे और उसकी पत्नी से मुलाकात की। उन्होंने पत्नी की सीएम विष्णु देव साय से फोन पर बातचीत कराई। मुख्यमंत्री साय ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया।


