लुधियाना| विदेश भेजने का सपना दिखाकर दो अलग-अलग मामलों में लोगों से लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। गुरपाल नगर निवासी भूपिंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2025 में पक्खोवाल रोड स्थित इमीग्रेशन कंपनी को कनाडा की पीआर लगवाने के लिए करीब 9 लाख रुपए दिए। शुरुआत में एजेंटों ने फाइल लेट होने का हवाला देकर कई महीने टालमटोल की। जब भूपिंदर सिंह ने रकम वापस मांगी, तो फोन उठाना बंद कर दिया। थाना दुगरी में शिकायत के बाद पुलिस ने भगवंत सिंह परमार और अर्शदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। दोनों फरार हैं। दूसरे केस में जालंधर के आदमपुर निवासी जगदीप सिंह ने बताया, उन्होंने 2025 में कनाडा के लिए एजेंट को 2.77 लाख रुपए दिए थे। समय बीतने के बावजूद काम न होने पर जब जगदीप सिंह ने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने इनकार कर दिया। थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने वीर पैलेस के पास स्थित एक इमीग्रेशन वेंचर के मालिक संदीप सिंह चौहान और मुस्कान शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी बरिंदरजीत सिंह ने बताया, किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


