अटल के आदर्श हमें सेवा की सीख देते हैं

भास्कर न्यूज | रामानुजगंज ऐतिहासिक और धार्मिक नगरी रामानुजगंज के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। नगर में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु से निर्मित भव्य प्रतिमा और अटल परिसर का लोकार्पण संपन्न हुआ। लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री रामविचार नेताम अपनी पत्नी पुष्पा नेताम के साथ उपस्थित रहे। इस दौरान मंत्री नेताम ने कहा, अटल जी के आदर्श हमें समर्पण और सेवा की सीख देते हैं। रामानुजगंज की ऐतिहासिक विरासत और जनभावनाएं हमारे लिए सर्वोपरि हैं। क्षेत्र के विकास में संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने इस अवसर पर मंत्री नेताम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके ही मार्गदर्शन और प्रयासों से रामानुजगंज को नगर पंचायत से नगर पालिका का दर्जा मिला है। यह अटल परिसर नगर की विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक क्षण वह रहा जब अटल परिसर निर्माण के लिए अपनी भूमि दान करने वाले पार्षद विजय रावत को मंच पर सम्मानित किया गया। मंत्री रामविचार नेताम और नपा अध्यक्ष ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित करते हुए कहा कि उनके इस त्याग के बिना यह परियोजना संभव नहीं थी। इस पल के साक्षी बनने के लिए नपा उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल, सुभाष जायसवाल, सुभाष केसरी, सीताराम गुप्ता सहित पार्षद सुमित गुप्ता, सुरेश पुरी, अरुण नागवंशी, प्रतीक सिंह, विकास गुप्ता, अर्जुन दास, पवन गुप्ता, अजीत गुप्ता, उषा गुप्ता, सिद्धांत यादव और मुकेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *