सूरजपुर | सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड के उन सुदूर वनांचल क्षेत्रों के लिए खुशहाली की नई किरण आई है, जिन्होंने दशकों से अंधेरे को ही अपनी नियति मान लिया था। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से क्षेत्र के तीन सुदूर ग्रामों के मजरा-टोलों में बिजली पहुंचाने के लिए 3 करोड़ 6 लाख 92 हजार 670 रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। मुख्यमंत्री मजराटोला विद्युतीकरण योजना के तहत स्वीकृत इस राशि से भटगांव विधानसभा के ग्राम मसंकी में लुकभुकिया और पतेरीपारा, ग्राम बांक में खासपारा व स्कूलपारा और ग्राम असुरा में खासपारा, पण्डोपारा और असुरा-1 तक बिजली का काम कराया जाएगा। ये क्षेत्र अब तक मुख्य विद्युत लाइन से पूरी तरह वंचित थे। ग्रामीण रात के समय ढिबरी या सीमित सोलर लाइट पर निर्भर थे। इन सुदूर क्षेत्रों में सबसे बड़ी बाधा वन भूमि की अनुमति थी। विभागीय समन्वय के बाद अब आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्राप्त कर लिया गया है, जिससे जल्द ही खंभे और ट्रांसफॉर्मर लगाने का कार्य शुरू हो सकेगा। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा, हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश का कोई भी कोना अंधेरे में न रहे। सुदूर वनांचल के बच्चों को पढ़ाई के लिए अब रात होने का डर नहीं सताएगा। बिजली पहुंचने से न केवल किसानों को सिंचाई में सुविधा होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर छोटे उद्योगों और स्वरोजगार को भी नई गति मिलेगी। क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान जब ग्रामीणों ने मंत्री के समक्ष अपनी व्यथा रखी थी, तब उन्होंने इसे प्राथमिकता से सुलझाने का आश्वासन दिया था। अब बजट स्वीकृति के साथ ही ग्रामीणों में उत्साह है।


