एनएचएआई ने बस स्टैंड के पास नहीं बनाया फुटओवर ब्रिज

भास्कर न्यूज | लुधियाना नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) की ओर से फिरोजपुर रोड चूंगी से समराला चौक तक 756 करोड़ रुपए की लागत से एलिवेटेड रोड का निर्माण किया गया। इस प्रोजेक्ट का मकसद शहर के भीतर ट्रैफिक जाम से राहत देना और लोगों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि इसी रूट पर बस स्टैंड के पास सबसे बड़ा ब्लैक स्पॉट बना हुआ है, जिसे आज तक दुरुस्त नहीं किया गया। यहां न तो फ्लाईओवर बनाया गया और न ही सड़क पार करने के लिए फुटओवर ब्रिज की व्यवस्था की गई। नतीजतन रोजाना यहां हादसे हो रहे हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। शहर निवासी अरविंद शर्मा ने बस स्टैंड के बाहर हो रहे हादसों को लेकर मानवाधिकार आयोग में शिकायत दी थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आयोग ने 9 फरवरी को नोटिस जारी किया। अब डिप्टी कमिश्नर और नगर निगम कमिश्नर से 12 मार्च से पहले विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है। यह सड़क एनएचएआई के अधीन आती है और फुटओवर ब्रिज का निर्माण भी उसी की जिम्मेदारी है। बावजूद इसके समाधान नहीं होने पर मानवाधिकार आयोग को जिला प्रशासन और नगर निगम से जवाब मांगना पड़ रहा है। इस संबंध में एनएचएआई की स्थानीय प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रियंका मीणा से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। अब देखना यह है कि आयोग की सख्ती के बाद क्या बस स्टैंड के इस खतरनाक ब्लैक स्पॉट का स्थायी समाधान निकल पाता है या नहीं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *