नशे में सहायक आचार्य ने छात्रा से की छेड़छाड़, विरोध पर घसीटा

भास्कर संवाददाता | भीलवाड़ा एमएलवी कॉलेज में शुक्रवार को परीक्षा देने गई छात्रा के साथ गंभीर अभद्रता का मामला सामने आया है। भूगोल विषय के सहायक आचार्य राजेंद्र सिंह यादव पर आरोप है कि वह परीक्षा ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में था और जांच के बहाने छात्रा से छेड़छाड़ करने लगा। जब छात्रा ने विरोध किया और परीक्षा कक्ष की ओर जाने के लिए सीढ़ियां चढ़ने लगी तो यादव ने उसे पीछे से उसका कंधा पकड़कर नीचे खींच लिया और थप्पड़ मारने की कोशिश की। घटना से घबराई छात्रा सीधे प्राचार्य के कक्ष में पहुंची और शिकायत की। परीक्षा का समय होने के कारण पहले छात्रा को परीक्षा दिलवाई गई और बाद में कार्रवाई का आश्वासन दिया। अन्य शिक्षकों ने छात्रा को हिम्मत दिलाई। परीक्षा के बाद छात्रा ने प्राचार्य को लिखित शिकायत सौंपी, जिसे थाने में भेजा गया। पुलिस कॉलेज पहुंची, उससे पहले ही यादव कॉलेज से फरार हो गया। यादव को परीक्षा में फ्लाइंग ड्यूटी पर लगाया गया था, लेकिन वह नशे की हालत में ड्यूटी पर आया और बिना सूचना के ड्यूटी छोड़कर चला गया। बाद में रात में पुलिस ने उसे शराब के नशे में कार चलाते हुए पकड़ा। मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी को धारा 151 के तहत थाने में रातभर बंद रखा। राजेंद्र सिंह यादव की अभद्रता के विरोध में शनिवार को कॉलेज छात्रों और छात्राओं ने एबीवीपी के साथ प्रदर्शन किया। एबीवीपी ने यादव के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने और निष्कासित करने की मांग की। विद्यार्थियों ने ज्ञापन देकर प्राचार्य से मांग की कि ऐसे शिक्षकों की कॉलेज में दुबारा नियुक्ति नहीं होनी चाहिए। ये छात्राओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ है। कई छात्राएं बदनामी के डर से शिकायत नहीं कर सकीं कॉलेज की कई छात्राओं का कहना है कि वे पहले भी यादव की अभद्र हरकतों का शिकार हो चुकी हैं, लेकिन सामाजिक दबाव, बदनामी के डर और पारिवारिक सहयोग नहीं मिलने के कारण खुलकर शिकायत नहीं कर पाईं। कॉलेज प्रशासन को पहले भी दबी जुबान में शिकायतें मिली थीं, लेकिन ठोस सबूत नहीं होने से कार्रवाई नहीं हो सकी। पहली बार हुआ कि किसी छात्रा ने यादव का खुलकर विरोध किया। संघ प्रचारक होने के कारण छात्रा सीमा जांगिड़ ने हिम्मत दिखाई और न सिर्फ कॉलेज प्रशासन को बल्कि पुलिस थाने में भी यादव के खिलाफ रिपोर्ट की। कॉलेज में यादव के निष्कासन के लिए प्रदर्शन भी किया। कॉलेज के सीसीटीवी में यादव की छात्रा के साथ की जा रही हरकत भी रिकॉर्ड हो गई, जो उसके खिलाफ ठोस सबूत है। डर के कारण छोड़ा कॉलेज, बदला विषय नाम नहीं छापने के आश्वासन के बाद छात्राओं ने बताया कि यादव की गंदी टिप्पणियों और अश्लील हरकतों के चलते उसकी क्लास में जाने से डरने लगी थीं। क्लास या प्रैक्टिकल में नहीं आने पर फोन कर धमकाया जाता था। इससे परेशान होकर कुछ छात्राओं ने कॉलेज आना छोड़ दिया, जबकि कई ने अपना विषय बदल लिया। बताया गया कि यादव वर्ष 1998 से कॉलेज में पदस्थ है। एक साल पहले उसका तबादला किया गया था, लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद वह फिर एमएलवी कॉलेज लौट आया और उसकी हरकतों का सिलसिला दोबारा शुरू हो गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *