भास्कर न्यूज | लुधियाना दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से विधायक रजिंदरपाल कौर छीना और आम आदमी पार्टी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में बीजेपी की दो महिला काउंसलरों के पति हैप्पी शेरपुरिया और कुलवंत कांति को अदालत से जमानत मिल गई है। मामला साइबर कानून, ऑनलाइन धमकी और मानसिक उत्पीड़न से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोप है कि एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान दोनों आरोपियों ने विधायक और आम आदमी पार्टी के खिलाफ अपशब्द कहे थे। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जमानत पर सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने अदालत में दलील दी कि पुलिस के पास ऐसा कोई ठोस तकनीकी सबूत नहीं है, जिससे यह साबित हो सके कि कथित आपत्तिजनक टिप्पणी इन्हीं लोगों ने की थी। साथ ही यह भी कहा गया कि यह मामला राजनीतिक दबाव में दर्ज किया गया है और इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जोड़कर देखा जाना चाहिए। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि आरोपियों से हिरासत में पूछताछ की कोई आवश्यकता नहीं है। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरोपियों को जमानत देने के आदेश दिए। अदालत का मानना था कि मौजूदा रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों को जेल में रखना जरूरी नहीं है। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे की कार्रवाई सबूतों के आधार पर की जाएगी। गौरतलब है कि आप के हलका मीडिया इंचार्ज बंटी अंसारी और यूथ विंग के इंचार्ज भूपिंदर सिंह ने साइबर सेल को शिकायत दी थी कि 26 जनवरी के कार्यक्रम के दौरान हैप्पी शेरपुरिया और कुलवंत कांति ने आम आदमी पार्टी और हलका विधायक रजिंदरपाल कौर छीना के खिलाफ अपशब्द कहे और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की।


