कारोबारी से विदेशी नंबर से फिरौती मांगी, 1 करोड़ न देने पर परिवार को मारने की धमकी

भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर के एक कारोबारी को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज कर 1 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है। धमकी देने का यह मामला सराभा नगर का है। फिरौती मांगने वाले ने रकम न मिलने पर कारोबारी और उसके पूरे परिवार को जान से मारने की चेतावनी दी है। शिकायतकर्ता कारोबारी गुरप्रीत सिंह वासी बाबा नंद सिंह नगर, अयाली कलां ने बताया कि 10 फरवरी की शाम करीब 6:50 बजे वह अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर (+1-619-606-0307) से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल कटने के तुरंत बाद उसी नंबर से मैसेज आया, जिसमें सीधे तौर पर 1 करोड़ रुपए की मांग की गई। मैसेज भेजने वाले ने दो टूक शब्दों में लिखा कि अगर एक करोड़ रुपए का इंतजाम नहीं किया गया, तो गुरप्रीत सिंह और उसके पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। इस धमकी के बाद से पीड़ित और उसका परिवार सदमे में है। साइबर सेल लोकेशन और पहचान खंगालने में जुटा जानकारी के अनुसार गुरप्रीत सिंह पहले वाटर प्लांट का काम करते थे। फिलहाल वे घर पर ही रहते हैं और उनका परिवार विदेश में रह रहा है। कारोबारी को इस तरह की धमकी मिलने से इलाके में भी डर का माहौल बन गया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना सराभा नगर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी राजिंदर कुमार ने बताया कि पुलिस साइबर सेल की मदद से विदेशी नंबर की लोकेशन और पहचान खंगाल रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फिरौती की इस धमकी के पीछे किसी इंटरनेशनल गैंगस्टर या बड़े गिरोह का हाथ है, या फिर किसी शरारती तत्व ने वर्चुअल विदेशी नंबर का इस्तेमाल कर दहशत फैलाने की कोशिश की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *