कोटपूतली पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की 437 पेटियां जब्त की हैं। इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार भी किया गया है। जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र बिश्नोई ने बताया- अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एडिशनल एसपी कोटपूतली नाजिम अली के निर्देशन में डीसीपी राजेंद्र कुमार बुरडक और थानाधिकारी राजेश शर्मा की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने टाटा मिनी कंटेनर नंबर एचआर 55 एई 4046 की जांच के दौरान यह अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस अवैध शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित अन्य जानकारी जुटा रही है। जब्त की गई शराब में विभिन्न ब्रांड शामिल हैं। इनमें रॉयल स्टैग की 148 पेटियां, रॉयल चैलेंज की 173 पेटियां, मैजिक मोमेंट्स की 81 पेटियां और स्मिरनॉफ की 35 पेटियां शामिल हैं। कुल 437 पेटियां जब्त की गई हैं।


