बहरोड़ क्षेत्र के नासरपुर और बिजोरावास गांवों में शनिवार को 30 लाख रुपए की लागत से हुए विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। इन कार्यों में इंटरलॉकिंग सड़कों का निर्माण शामिल है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मोहित यादव ने की, जबकि प्रधान सरोज यादव मुख्य अतिथि रहीं। इसी कार्यक्रम के दौरान नासरपुर निवासी धर्मेंद्र यादव को राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में चयन होने पर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें साफा पहनाकर और माल्यार्पण कर बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. मोहित यादव ने बताया कि बजट 2026-27 में ऊंटोली से अटेली तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 22 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह सड़क कोहराना, अनंतपुरा, बसई शिवदानसिंहपुरा, रेवाना और तलवाना से होकर गुजरेगी। उन्होंने यह भी बताया कि बहरोड़ में जिला आयुर्वेद अस्पताल और जिला अस्पताल में नशा मुक्ति वार्ड स्वीकृत किया गया है, जबकि जखराना में प्रथम श्रेणी पशु अस्पताल खोला गया है। मुख्य वक्ता एडवोकेट बस्तीराम यादव ने जानकारी दी कि नासरपुर गांव में प्रधान कोटे से 30 लाख रुपए की लागत से सभी प्रमुख रास्तों पर इंटरलॉकिंग सड़कें बनाई गई हैं, जिनका आज उद्घाटन हुआ। ग्रामीणों ने अतिथियों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सरपंच मोनिका यादव, प्रशांत यादव, जसवंत सिंह यादव, जिला पार्षद रामनरेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और युवा उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन कैप्टन राजेंद्र यादव ने किया।


