भास्कर न्यूज | अलवर चिकानी स्थित एलआईईटी कॉलेज के ग्राउंड पर शनिवार को दैनिक भास्कर अलवर की ओर से ऑफिस इलेवन और प्लांट इलेवन के बीच मैत्री क्रिकेट मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में ऑफिस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लांट इलेवन को 33 रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑफिस इलेवन ने आक्रामक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज चंद्रशेखर शर्मा (37 रन) और प्रदीप भारद्वाज (27 रन) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 6 ओवर में 86 रन की साझेदारी की। इसके बाद भी यश गोठड़िया, खुश सोमवंशी व विकास, अविनाश ने रन गति बनाए रखी और निर्धारित 20 ओवर में 191 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। प्लांट इलेवन की ओर से राजेंद्र चंदेल ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। 191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्लांट इलेवन की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर में एक विकेट गंवाना पड़ा। इसके बाद राजेंद्र चंदेल (61 रन) और हेमंत (25 रन) ने संभलकर पारी को आगे बढ़ाया। लेकिन रोबिन बेनीवाल ने चंदेल का अहम विकेट लेकर मैच का रुख ऑफिस इलेवन की ओर मोड़ दिया। अंतिम ओवरों में मनीष शर्मा, राहुल शर्मा और रामसिंह की सधी हुई गेंदबाजी के सामने प्लांट इलेवन की टीम 20 ओवर में 158 रन ही बना सकी। इस तरह ऑफिस इलेवन ने 33 रन से जीत दर्ज की। मैच के दौरान लॉर्ड्स स्कूल के बच्चों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। एलआईईटी कॉलेज के राजेश भारद्वाज, निखिल चाचान और वीरेंद्र चौधरी की ओर से दोनों टीमों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई। मैच के बाद संपादक बाबूलाल शर्मा, यूनिट हेड पंकज अग्रवाल और क्लस्टर एचआर संजय महावल ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया। प्लांट इलेवन के राजेंद्र चंदेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।


