भास्कर न्यूज | लुधियाना शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर 23 वर्षीय युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। वारदात शुक्रवार शाम न्यू सुभाष नगर इलाके में हुई। घायल युवक की पहचान लक्ष्य के रूप में हुई है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। वीडियो में लक्ष्य अपने दोस्तों के साथ गली में खड़ा बातचीत करता दिखाई देता है। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार से आते हैं। बाइक के पीछे बैठा युवक उतरते ही बिना कुछ कहे लक्ष्य पर लोहे की रॉड से वार कर देता है। जान बचाने की कोशिश में लक्ष्य जमीन पर गिर जाता है, लेकिन हमलावर उस पर लगातार वार करता रहता है। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो जाते हैं। घायल लक्ष्य को तुरंत सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घायल की मां पूजा रानी ने आरोप लगाया कि उनका बेटा विदेश जाने की तैयारी कर रहा है। पड़ोसियों को इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने अपनी बेटी की शादी लक्ष्य से कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। पूजा रानी के अनुसार, पिछले 5-6 दिनों से लगातार दबाव डाला जा रहा था। उन्होंने धार्मिक और जातिगत कारणों का हवाला देते हुए रिश्ते से इनकार किया। आरोप है कि इसे अपनी बेइज्जती समझकर पड़ोसियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला करवा दिया। मामले की शिकायत टिब्बा थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।


