सिविल इंजीनियर पर रंजिशन लोहे के कड़े से हमला, फरार

लुधियाना | पुरानी रंजिश के चलते एक सिविल इंजीनियर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात 30 जनवरी की सुबह करीब 8:20 बजे गांव बलियेबाल बस स्टैंड के पास हुई। पीड़ित की पहचान प्रीतपाल सिंह निवासी गांव जीवनपुर के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि उनकी भुआ का लड़का भी सिविल इंजीनियर है और वह उससे घर से मॉइस्चर मीटर लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और लोहे के कड़ों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। प्रीतपाल सिंह के अनुसार, वह जान बचाने के लिए काफी दूर तक भागते रहे, लेकिन आरोपी उनका पीछा करते रहे। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले उनकी भुआ की आरोपियों के साथ लड़ाई हुई थी, जिसका मामला अदालत में विचाराधीन है। उसी रंजिश के चलते उन पर हमला किया गया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना कूमकलां लुधियाना पुलिस ने आरोपी लाडी पुत्र लेखराज निवासी गांव बलियेबाल सहित एक अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी रणजीत सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और उनकी तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *