लुधियाना। गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स की पूर्व छात्रा संघ की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित योगदान और सेवा के सम्मान में पूर्व छात्राओं और सेवानिवृत्त टीचरों को सम्मानित करने के लिए पूर्व छात्र सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. सरबजोत कौर, डॉ. रश्मी ग्रोवर, मनप्रीत कौर (पीसीएस), कुलवंत सिंह, कुलदीप सिंह और गगनदीप कौर बैंस की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत आत्मीय स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद सम्मान समारोह का क्रम चला। शिक्षा और समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पूर्व छात्राओं और सेवानिवृत्त टीचरों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कॉलेज से जुड़ी यादें साझा कीं और टीचरों की भूमिका को समाज निर्माण की आधारशिला बताया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह भर दिया। पारंपरिक पंजाबी भांगड़ा और शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियों ने पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। उपस्थित पूर्व छात्राओं और अतिथियों ने इन प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।


