अलवर| चुनाव ड्यूटी व प्रशासनिक कार्यों में लंबे समय से प्रतिनियुक्त कर्मचारी अब अपने मूल विभागों में लौटेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी बीना महावर ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारियों व कलेक्ट्रेट में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र जारी कर वर्तमान में प्रतिनियुक्त कार्मिकों की जानकारी मांगी है। पत्र में उल्लेख है कि निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन कार्यालयों तथा कलेक्टर कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में चुनाव संबंधी कार्यों के लिए कार्मिकों को प्रतिनियुक्त किया गया था। लेकिन कार्य समाप्ति के बाद भी कई कर्मचारियों को मूल पदस्थापन के लिए कार्यमुक्त नहीं किया गया। अब सभी संबंधित कार्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विधानसभावार सूची के साथ-साथ अपने अधीनस्थ कार्यालयों व एईआरओ कार्यालयों में लगे प्रतिनियुक्त कार्मिकों की सूचना निर्धारित प्रपत्र में भेजें। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर ने शुक्रवार के अंक में ‘चुनावी ड्यूटी के नाम पर दफ्तरों में वर्षों से जमे 30 शिक्षक-कर्मी’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर इस मुद्दे को उठाया था। इसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है।


