नागौर. कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित करते विद्यार्थी। भास्कर न्यूज । नागौर राजकीय नर्सिंग कॉलेज में शनिवार को पुलवामा शहीदों की स्मृति में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ब्लैक डे के रूप में मनाए गए इस अवसर पर नर्सिंग विद्यार्थियों ने कैंडल मार्च निकालकर शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और भारत माता के जयघोष लगाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महिपाल खिलेरी (पीटीआई) ने कहा कि सैनिकों के त्याग और सेवा के कारण ही देश सुरक्षित है तथा पुलवामा में हुए कायराना हमले की निंदा की। रूपाराम (पीटीआई) भी मंच पर उपस्थित रहे। खेल प्रभारी महिपाल कुड़ी ने प्रत्येक नागरिक से शहीदों का सम्मान करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उप प्राचार्य विनोद व्यास ने कहा कि नर्सेज को भी सैनिकों की तरह समर्पण भाव से देश के स्वास्थ्य उत्थान में योगदान देना चाहिए। मंच संचालन महेंद्र सेन ने किया। बीएससी नर्सिंग के छात्र सुनील चाहर और डालूराम ने अपने विचार व्यक्त किए, जबकि रेणुका एंड पार्टी ने देशभक्ति प्रस्तुति दी। पूर्व सैनिक सुनील ने सेना के कठिन कर्तव्यों का उल्लेख किया। अंत में प्राचार्य खेमाराम लॉयल ने शहीदों को नमन करते हुए कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया।


