खन्ना में हाईटेक साइबर ठगी:फर्जी कुरियर, पुलिस और ‘हाईकोर्ट जज’ बन 15 लाख ठगे, दुबई से लौटी युवती को महीनों फंसाया

पंजाब के लुधियाना के कस्बा खन्ना में एक युवती से साइबर ठगी हो गई है। युवती से 15 लाख रुपए ठग लिए गए है। युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा, विदेश से महंगे गिफ्ट भेजने का दावा और फिर फर्जी कुरियर, पुलिस अधिकारी व कथित हाईकोर्ट जज बनकर उसे धमकियां देकर ये पैसे ऐंठे गए है। पीड़िता दुबई में वर्क वीजा पर काम करती थी। उसकी मां की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना खन्ना में केस दर्ज किया गया है। अब पढ़िए ऐसे शुरू हुआ जाल
एफआईआर के मुताबिक, 2025 में दुबई में काम कर रही युवती की इंस्टाग्राम पर मनीष चौधरी नाम के व्यक्ति से जान-पहचान हुई। उसने खुद को अमेरिका में सेटल और गोल्ड बिजनेस से जुड़ा बताया। धीरे-धीरे विश्वास जीतकर शादी का प्रस्ताव रखा और कहा कि वह युवती के लिए महंगे गिफ्ट-सोना-हीरे के जेवर, आईफोन 16, 3 एप्पल वॉच, 18 सोने की चूड़ियां, कपड़े और 10 हजार यूके पाउंड-कुरियर से भेज रहा है। भारत लौटते ही शुरू हुई धमकियां
15 अगस्त 2025 को युवती के भारत लौटने के बाद उसे मनोज नाम के व्यक्ति के फोन आने लगे, जिसने खुद को दुबई और मुंबई का कुरियर अधिकारी बताया। उसने कहा कि युवती के नाम पर कीमती पार्सल आया है, जिसे छुड़ाने के लिए कस्टम ड्यूटी और पेनल्टी देनी होगी। इनकार करने पर गिरफ्तारी की धमकी दी गई। यहां तक कहा गया कि दुबई पुलिस भारत आकर गिरफ्तार कर लेगी और गोली मार देगी। डराने के लिए अन्य महिलाओं की गिरफ्तारी के वीडियो भी भेजे गए। ‘एयरपोर्ट अधिकारी’ बनकर वसूली
आरोपियों ने दावा किया कि पार्सल मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गया है। फिर एक अन्य ठग ने खुद को एयरपोर्ट अधिकारी बताकर प्रोसेसिंग फीस व सरकारी टैक्स के नाम पर पैसे मांगे। परिवार पर लगातार दबाव बनाया गया कि मामला गंभीर है और एफआईआर दर्ज हो सकती है। परिजनों ने डर के चलते अलग-अलग बैंक खातों और क्यूआर कोड पर कई बार पैसे ट्रांसफर किए। 4 सितंबर 2025 को परिवार ने एक फाइनेंस कंपनी से 1.46 लाख रुपए का लोन लिया और करीब 1 लाख रुपए ट्रांसफर किए। आरोपियों ने यह भी कहलवाया कि वे भारत आकर मामला सुलझाएंगे, जिसके लिए उनका हवाई टिकट तक बुक कराया गया। ‘गिरफ्तारी’ का नया ड्रामा
5 सितंबर को कथित मनीष ने फोन कर बताया कि वह मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गया है और पार्सल ले लिया है, लेकिन तुरंत बाद कहा कि उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और मारपीट की। तीन-चार दिन पुलिस कस्टडी में रहने और पूरे परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की झूठी कहानी सुनाकर और पैसे ऐंठे गए। 15 लाख की ठगी, केस दर्ज
शिकायत में कहा गया है कि सभी आरोपी आपस में मिले हुए थे। उन्होंने झूठे केस, जान से मारने और बदनाम करने की धमकी देकर परिवार से करीब 15 लाख रुपए ठग लिए। खन्ना पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के बाद साइबर क्राइम थाना खन्ना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (चीटिंग), 61(2) (आपराधिक साजिश) और आईटी एक्ट की धारा 66-D (कंप्यूटर/कम्युनिकेशन डिवाइस से प्रतिरूपण कर ठगी) के तहत अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *