इटावा थाना परिसर में शनिवार को सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) की बैठक आयोजित की गई। इटावा डीएसपी ओमप्रकाश सरावग ने इसकी अध्यक्षता की। बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तृत चर्चा हुई। डीएसपी ओमप्रकाश सरावग ने इस मौके पर कहा कि सीएलजी सदस्य पुलिस और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करते हैं। उन्होंने सदस्यों से किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाने का आग्रह किया, ताकि समय पर उचित कार्रवाई की जा सके। सरावग ने नशे, साइबर क्राइम और बच्चों द्वारा मोबाइल के दुरुपयोग से होने वाले अपराधों के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में इन मुद्दों पर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। बैठक में यह भी बताया गया कि गेता में पुलिस चौकी खुलने से इटावा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी। उपस्थित लोगों ने इटावा नगर में बाइकर्स पर कार्रवाई, गेता रोड पर जाम की समस्या, पार्किंग की व्यवस्था का अभाव और रात्रि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक सहित कई स्थानीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इटावा एसएचओ अजीत सिंह ने कहा कि पुलिस जनता के सहयोग के बिना प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकती। उन्होंने लोगों से किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करने की अपील की। इस बैठक में समाजसेवी केसरीलाल नागर, प्रेम शास्त्री, भाजपा मंडल अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह, व्यापार महासंघ अध्यक्ष रिंकू सोनी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष त्रिलोक पारेता, नवीन मंगल, भाजपा मंडल महामंत्री देवकीनंदन परिहार, वेदप्रकाश नागर, वसीम पठान, जमनाशंकर कुशवाह, सतीश सोनी, जितेंद्र नागर, रमेश नागर, दीपक पारेता, रामावतार पंकज और मनीष मीना सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।


