बाड़मेर | बलदेव नगर क्षेत्र में आम रास्ते पर गंदा पानी फैलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं लगातार जलभराव रहने से मच्छरों की संख्या बढ़ने लगी है, जिससे मौसमी बीमारियां फैलने की आशंका भी नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया है। लोगों ने समाधन करने की मांग की है। – राजू माली की रिपोर्ट। बाड़मेर | पंचायत समिति आडेल के धोलपलिया नाड़ा लक्ष्मण नगर क्षेत्र में प्रस्तावित 4जी मोबाइल टावर को बीएसएनएल ने निरस्त कर दिया है। 23 जनवरी 2026 को जारी पत्र में बताया गया कि आसपास मलपुरा व कूकाणों की ढाणी में 4जी साइट चालू होने के बाद क्षेत्र को पर्याप्त कवरेज वाला माना गया। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में अब भी कॉल ड्रॉप, इंटरनेट की समस्या बनी है। – कमल चौधरी की रिपोर्ट । बाड़मेर | रामनगर क्षेत्र के कुड़ला रोड पर मदर टेरेसा स्कूल के आगे पानी की पाइपलाइन लीकेज होने से सड़क पर लगातार पानी जमा हो रहा है। इससे आमजन व राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। नागरिकों ने संबंधित विभाग से जल्द पाइपलाइन दुरुस्त कर जलभराव की समस्या खत्म करने की मांग की है। – शैलेश सियाग की रिपोर्ट।


