हत्या की धमकी देने का मामला:हिस्ट्रीशीटर कैदी की धौंस, प्रहरी से धक्का-मुक्की, हत्या की धमकी दी

सेंट्रल जेल में प्रहरी से धक्का-मुक्की और हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। प्रहरी ने जानलेवा हमले के मामले में बंद हिस्ट्रीशीटर कैदी के खिलाफ ऊपरी मंजिल पर जाने से रोकने पर अभद्र व्यवहार करने और राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस के अनुसार सेंट्रल जेल के प्रहरी देवी सहाय शर्मा ने सूरजपोल थाने में रिपोर्ट दी। बताया कि शुक्रवार को वह बैरक नंबर 1 से 4 पर तैनात थे। सुबह 11:20 बजे कैदी अरदीन उर्फ लाला सजा वार्ड के गेट पर आया और ऊपरी मंजिल पर जाने लिए अड़ गया। उन्होंने जुवेनाइल वार्ड इंचार्ज को साथ लाने के लिए बोला। इस पर कैदी ने उनसे गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। जेल से बाहर आने पर हत्या करवाने और वर्दी उतरवाने की धमकी दी। फिर बताया कि 2-3 दिन पहले ही उसका हिस्ट्रीशीटर भाई फरदीन जेल से बाहर निकला है। उसके जरिए हत्या करवा देगा। अब सूरजपोल पुलिस आरोपी को जेल से ही गिरफ्तार करेगी। भास्कर इनसाइट- मामा पर फायरिंग में 5 माह से जेल में है बदमाश कैदी अरदीन उर्फ लाला हिस्ट्रीशीटर है। पिछले साल सितंबर में उसने और भाई फरदीन उर्फ गांजा ने अपने मामा मोहम्मद अनीस रजा के बरकत कॉलोनी स्थित मकान पर कब्जा कर लिया था। रोकने पर बदमाशों ने मामा पर फायर कर दिया था। गोली उनकी कमर में लगी। पुलिस ने 22 सितंबर को दोनों को गिरफ्तार किया था। तब से अरदीन जेल में है। इसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, लूट, चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *