जोधपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे होमगार्ड जवान के साथ अभद्रता करने वाले टैक्सी चालक के खिलाफ अब मामला होमगार्ड ने मामला दर्ज करवाया है। बता दें कि सड़क से टैक्सी हटाने की बात को लेकर चालक ने होमगार्ड जवान के साथ दुर्व्यवहार किया था। इस घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया था। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने टैक्सी चालक को शांति भंग में गिरफ्तार किया था।
गौरतलब है कि 12 फरवरी की दोपहर दो बजे के करीब होमगार्ड जवान लक्ष्मीनारायण मेघवाल सदर बाजार थाना क्षेत्र के त्रिपोलिया बाजार में ड्यूटी कर रहे थे। दोपहर के समय टैक्सी चालक सलामतुल्ला ने बाजार में टैक्सी खड़ी कर दी। इसके चलते जाम लग गया और यातायात व्यवस्था बिगड़ने लगी। इस पर उन्होंने टैक्सी चालक को टैक्सी हटाने को लेकर कहा तो आरोपी चालक बिफर गया और होमगार्ड जवान के साथ बदतमीजी करने लगा। इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया था। बाद में अब होमगार्ड जवान की ओर से राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज करवाया गया है। बता दें कि जोधपुर के भीतरी शहर में बाजार में टैक्सी चालकों की मनमानी की वजह से कई बार जाम लग जाता है। शहर में प्रमुख बाजार, गलियों में सुबह से लेकर शाम तक अनगिनत सवारी ओर लोडिंग टैक्सी की आवाजाही रहती है जो जाम लगने का प्रमुख कारण है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से इन टैक्सियों को रोकने या बार में प्रवेश करने की समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है।


