कोटा निगम का 3,447.95 करोड़ का बजट:पहले बजट के लक्ष्य पूरे नहीं हुए, निगम ने फिर बढ़ाया अपना बजट

नगर निगम कोटा की ओर से भी आगामी वित्त वर्ष के लिए चालू वित्त वर्ष से 10 फीसदी बढ़ाकर बजट तैयार किया है। जबकि चालू वित्त वर्ष में कई मदों में लक्ष्य पूरे भी नहीं हुए हैं। नगर निगम की ओर से हर साल जहां अधिकारियों की ओर से बजट तैयार करने के बाद उसे बोर्ड बैठक में पारित कराया जाता था। जिस पर सत्ता पक्ष व विपक्ष की ओर से चर्चा व बहस के बाद पारित कर राज्य सरकार को भेजा जाता था। लेकिन इस बार बोर्ड का कार्यकाल पूरा होने व नया बोर्ड गठित नहीं होने से अधिकारियों ने बजट तैयार कर प्रशासक को भेज दिया है। वहां से बजट स्वायत्त शासन विभाग राज्य सरकार को स्वीकृत करने के लिए भेजा जाएगा। निगम अधिकारियों द्वारा विभिन्न अनुभागों से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर बजट तैयार किया गया है। जानकारी के अनुसार आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में निगम द्वारा विभिन्न मदों से 1754.25 करोड़ रुपए की आय प्राप्त करना प्रस्तावित किया गया है। जबकि इसकी तुलना में 1693.70 करोड़ रुपए विभिन्न विकास कार्यों व सफाई कार्य पर खर्च करना प्रस्तावित किया गया है। इस तरह से इस बार बजट में आय अधिक व खर्चा कम करना बताया है। निगम अधिकारियों ने चालू वित्त वर्ष की तुलना में आगामी वित्त वर्ष के लिए 206.18 करोड़ रुपए अधिक आय का बजट तैयार किया है। वहीं चालू वित्त वर्ष से 99.98 करोड़ रुपए अधिक खर्च का बजट तैयार किया है। गत वर्ष निगम की ओर से 1546.07 करोड़ की आय व 1494.16 करोड़ रुपए खर्च का बजट स्वीकृत किया गया था। लेकिन बाद में पेश संशोधित बजट में आय 2 करोड़ बढ़ाते हुए 1548.07 करोड़ रुपए कर दिया था। वहीं खर्च में 99.56 करोड़ रुपए बढ़ाते हुए इसे 1593.72 करोड़ रुपए का कर दिया था। जिससे गत वर्ष आय से अधिक खर्च का बजट स्वीकृत किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *