21 फरवरी को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन:मतदाता सूची संबंधी 52 हजार से अधिक प्राप्त हुए दावे व आपत्तियां

निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए गए मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान कोटा जिले में मतदाता सूची से संबंधित करीब 52 हजार से अधिक दावे व आपत्तियां प्राप्त हुई। जिनका निस्तारण कर जिला निर्वाचन विभाग ने आयोग को भेज दिया है। अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर कोटा में भी मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया गया था। जिसके तहत जिले की 6 विधानसभाओं में कुल 15 लाख 32 हजार 550 मतदाताओं में से कार्यक्रम के दौरान 13 लाख 72 हजार 762 मतदाताओं ने आवेदन भरकर जमा करवाए थे। उसके बाद 16 दिसम्बर को मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशित किया गया था। जिला निर्वाचन विभाग द्वारा मतदाता सूची पर राजनीतिक दलों व आमजन से आपत्तियां व दावे पेश करने के लिए एक माह का समय दिया गया था। जिसके तहत 15 जनवरी तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की गई। हालांकि उस दौरान राजनीतिक दलों ने मतदाता सूचियों में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि निर्धारित अवधि तक जिले में निर्धारित फॉर्म भरकर आपत्ती व दावे पेश किए गए। उनमें कुल 52533 आपत्ती व दावे प्राप्त हुए। इनमें फार्म 6 में सबसे अधिक 33180 आपत्तियां आई। वहीं फॉर्म 8 में 13386 और फार्म 7 में 5967 आपत्ती व दावे प्राप्त हुए। उन सभी का निस्तारण कर निर्वाचन आयोग को भिजवा दिए हैं। पहले मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन 14 फरवरी को किया जाना था। लेकिन अभी तक निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची को डाउनलोड करने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। वहीं इसी बीच आयोग ने मतदाता सूची प्रकाशन की तारीख 14 से बढ़ाकर 21 फरवरी कर दी है। अब अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 फरवरी को किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *