उज्जैन में रविवार से विक्रमोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ होने जा रहा है। महाशिवरात्रि के अवसर पर शुरू हो रहा यह महोत्सव 19 मार्च तक चलेगा। शाम 7:30 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शिवनाद और शंख-डमरू वादन होगा, जिसके बाद प्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम की ‘शिवोह्म’ संगीत संध्या प्रस्तुत की जाएगी। इस महोत्सव में कलश यात्रा, भारतीय परंपरा पर आधारित भव्य प्रदर्शनी और प्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम की ‘शिवोह्म’ संगीत संध्या जैसे प्रमुख आयोजन होंगे। साथ ही, विक्रम व्यापार मेले का भी शुभारंभ होगा, जहाँ वाहनों की खरीद पर 50% तक रोड टैक्स में छूट मिलेगी। मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग, विक्रमादित्य शोधपीठ और जिला प्रशासन ने महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह महोत्सव 15 फरवरी से 19 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें संस्कृति, अध्यात्म और व्यापार का संगम देखने को मिलेगा। आज के प्रमुख आयोजनों में सुबह 10 बजे शासकीय कन्या महाविद्यालय से कलश यात्रा शामिल है, जो शोधपीठ कार्यालय तक पहुंचेगी। सुबह 11 बजे महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ कार्यालय परिसर, विक्रम भवन और कालिदास अकादमी परिसर में विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। प्रदर्शनी में विक्रमादित्य और अयोध्या, आर्य भारत, महाभारत कालीन अस्त्र-शस्त्र, चक्रव्यूह, 84 महादेव, जनजातीय देवलोक, श्रीकृष्ण प्रभात और रागमाला जैसे विषयों को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया है। इस बार महाभारत पर आधारित एक विशेष खंड भी है, जिसमें युद्ध व्यूहों के मॉडल और विस्तृत जानकारी दर्शकों को मिलेगी। विक्रम व्यापार मेले का शुभारंभ भी रविवार को इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर में होगा। इस मेले में चार पहिया वाहनों के 123 स्टॉल, दोपहिया वाहनों के 40 स्टॉल और लगभग 60 फूड स्टॉल सहित कुल 223 दुकानें लगाई गयी है। राज्य सरकार ने मेले में खरीदे जाने वाले वाहनों पर 50% तक मोटरयान कर (रोड टैक्स) में छूट को स्वीकृति दी है। कलेक्टर रोशन सिंह ने बताया कि यह मेला खरीदारों और डीलरों दोनों के लिए फायदेमंद साबित होगा। पिछले वर्षों में मेले में वाहनों की बिक्री लगातार बढ़ी है। वर्ष 2024 में 23,705 और 2025 में 36,223 वाहन बिके थे। इस वर्ष इससे भी अधिक बिक्री का अनुमान है। महाभारत प्रदर्शनी पहली बार, बेहद खास विक्रमादित्य शोध पीठ कार्यालय में महाभारत पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। उज्जैन में इस प्रकार की प्रदर्शनी पहली बार लगाई गई है, जिससे शहरवासियों और श्रद्धालुओं में खास आकर्षण रहेगी। यह प्रदर्शनी महाभारत काल से जुड़ी रोचक और ज्ञानवर्धक जानकारी प्रदान करती है। इसमें उस युग में प्रयुक्त विभिन्न अस्त्र-शस्त्रों की प्रतिकृतियां आकर्षक ढंग से प्रदर्शित की गई हैं, जिनके साथ उनकी विस्तृत जानकारी भी दी गई है।


