24 घंटे में तापमान का उलटफेर:फरवरी में अप्रैल जैसी तपिश, 17 फरवरी को मौसम बदलेगा, बारिश और आंधी की संभावना

चित्तौड़गढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पिछले 24 घंटे में जहां दिन का तापमान बढ़ा है, वहीं रात का तापमान घट गया है। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि न्यूनतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। शनिवार को दिन का तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस था। यानी दिन में गर्मी बढ़ रही है, लेकिन रात में हल्की ठंडक अभी भी बनी हुई है। मौसम के इस बदलाव से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। फरवरी में अप्रैल जैसी धूप, लोगों को सताने लगी गर्मी फरवरी का महीना अभी आधा ही बीता है, लेकिन धूप का असर अप्रैल जैसा महसूस होने लगा है। सुबह होते ही तेज धूप निकल जाती है और दोपहर तक तपन बढ़ जाती है। रविवार सुबह भी शहर में तेज धूप के साथ दिन की शुरुआत हुई। लोग अब दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने लगे हैं। बाजारों और सड़कों पर दोपहर में चहल-पहल कुछ कम दिखाई दे रही है। मौसम में आ रहे इस बदलाव को लेकर लोग हैरान हैं, क्योंकि आमतौर पर फरवरी में इतनी तेज गर्मी कम ही देखने को मिलती है। 17 फरवरी को मौसम बदलने का अलर्ट, बारिश और आंधी की संभावना मौसम विभाग ने 17 फरवरी को मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि एक नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ तेज हवाएं चलने और आंधी आने की भी संभावना जताई गई है। बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद दो दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद प्रदेश में मौसम सामान्य बना रह सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *