अलवर के जीआरपी थाना अंतर्गत अलवर रेलवे स्टेशन के समीप रविवार सुबह एक व्यक्ति के चलती ट्रेन से कूद जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके पर मौजूद लोगों की सूचना पर जीआरपी पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार घायल युवक अपना नाम विक्की बता रहा है और खुद को गुजरात का निवासी बता रहा है। फिलहाल उसके साथ कोई परिजन मौजूद नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक ट्रेन से कूद गया, जिससे वह प्लेटफॉर्म के पास गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। उसके पूरे शरीर पर गंभीर घाव हैं, वहीं सिर में भी गहरी चोट लगने के कारण उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। ASI सत्येंद्र का कहना है कि युवक मानसिक रूप से भी कमजोर प्रतीत हो रहा है, जिससे घटना के पीछे की सही वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जीआरपी थाना पुलिस ने युवक की पहचान और उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। साथ ही घटना के संबंध में रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे मामले की सही जानकारी सामने आ सके।


