महाशिवरात्रि पर्व की पूर्व संध्या पर मनेंद्रगढ़ नगर के रेलवे कॉलोनी स्थित शिव मंदिर सहित जिले के अलग-अलग शिव मंदिरों में हल्दी रस्म का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, पीले वस्त्र धारण कर मंदिरों में पहुंचीं और भगवान शिव व माता पार्वती की विधिविधान से आराधना की। जिले में महाशिवरात्रि से पूर्व हल्दी रस्म मनाने की सालों पुरानी परंपरा है। इस रस्म के दौरान महिला श्रद्धालु भगवान शिव को दूल्हे और माता पार्वती को दुल्हन मानकर उन्हें हल्दी का लेप लगाती हैं। यह आयोजन शिव-पार्वती विवाह की स्मृति और मंगलकामना से जुड़ा माना जाता है। हल्दी रस्म के दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने शिवलिंग और माता पार्वती की प्रतिमा पर हल्दी का लेप लगाया। महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के माध्यम से शिव-पार्वती विवाह प्रसंग का वर्णन किया। परिवार की खुशहाली की कामना आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में उत्साह का माहौल रहा। महिलाएं और युवा भक्त ढोल-नगाड़ों की धुन पर जयघोष करते दिखे। ‘हर-हर महादेव’, ‘बोल बम’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के नारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं के अनुसार, महाशिवरात्रि का पर्व केवल पूजा का नहीं, बल्कि आस्था और शिवभक्ति का प्रतीक है। हल्दी रस्म के माध्यम से शिव-पार्वती के विवाह की परंपरा को जीवंत रखा जाता है। महाशिवरात्रि के दिन भगवान भोलेनाथ की बारात भी निकाली जाएगी।


