हनुमानगढ़ जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। भिरानी और टाउन थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से अवैध पिस्तौल, जिंदा कारतूस और धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। भिरानी थाना पुलिस ने छानी से जनाना के बीच आम सड़क पर गश्त के दौरान बैर निवासी दीपक उर्फ धोलिया को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, एएसआई राजेंद्र कुमार शुक्रवार देर रात अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान आरोपी संदिग्ध अवस्था में घूमता मिला। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध पिस्तौल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज कर जांच एएसआई कुंजीलाल को सौंपी गई है। जिला मुख्यालय पर टाउन थाना पुलिस ने भी 2 अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। हेड कॉन्स्टेबल राकेश रमाना के नेतृत्व में सन सिटी निवासी मनोज कुमार को भारतमाला रोड पर बने पुल के नीचे से धारदार कापे के साथ गिरफ्तार किया।
एक अन्य कार्रवाई में, एएसआई उम्मेदाराम के नेतृत्व में पुलिस ने जंक्शन की लोको कॉलोनी निवासी नीलकमल को भद्रकाली मंदिर के पीछे से लोहे का धारदार कापा लिए हुए पकड़ा।


