जिले में अवैध लकड़ी कटान और तस्करी करने वालों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब उन्हें कानून और प्रशासन का कोई डर नहीं रह गया है। शनिवार देर रात चिड़ावा वन विभाग की टीम पर लकड़ी तस्करों ने जानलेवा हमला कर दिया। तस्करों ने वन विभाग की सरकारी गाड़ी को एक नहीं बल्कि तीन अलग-अलग जगहों पर टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि टीम के सदस्य वाहन के अंदर थे, जिससे किसी की जान नहीं गई। सूचना पर सिरसला में की गई थी नाकाबंदी जानकारी के अनुसार, चिड़ावा रेंजर सुमन कुमारी को देर रात सूचना मिली थी कि खेजड़ी की हरी लकड़ियों से भरी पिकअप गाड़ियां क्षेत्र से गुजरने वाली हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए रेंजर के नेतृत्व में टीम ने सिरसला गांव के पास नाकाबंदी की। रात करीब 2 बजे जब दो पिकअप गाड़ियां वहां पहुंचीं, तो वन विभाग ने उन्हें रुकने का इशारा किया। लेकिन तस्करों ने रुकने के बजाय नाकाबंदी तोड़कर गाड़ी तेज रफ्तार में भगा ली। धिंगडिया से चोराड़ी तक ‘मौत का पीछा’ वन विभाग की टीम ने जब तस्करों का पीछा शुरू किया, तो नजारा किसी फिल्मी सीन जैसा हो गया। पीछा कर रही टीम जब धिंगडिया के पास पहुंची, तो तस्करों ने अपने वाहन को पीछे की ओर मोड़कर वन विभाग की कैंपर गाड़ी को पीछे से दो बार जोरदार टक्कर मारी। चोराड़ी में फिर भिड़ंत: तस्करों ने भागने की कोशिश में चोराड़ी के पास एक बार फिर घेराबंदी तोड़ने का प्रयास किया और कैंपर के दरवाजों पर कई बार वार किए। तस्करों का इरादा वन विभाग की टीम को डराकर या घायल कर रास्ते से हटाना था। गड्ढे में फंसी पिकअप, अंधेरे का फायदा उठा भागे तस्कर आखिरकार वन विभाग की टीम ने साहस दिखाते हुए सूरजगढ़-बुहाना रोड पर पिचानवावासी मार्ग के पास तस्करों को घेर लिया। इसी दौरान तस्करों की पिकअप एक गहरे गड्ढे में फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई। खुद को घिरता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। वन विभाग ने मौके से खेजड़ी की हरी लकड़ियों से भरी पिकअप को जब्त कर लिया है। टीम सुरक्षित, वाहन हुआ क्षतिग्रस्त इस हमले में वन विभाग की कैंपर गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, लेकिन राहत की बात यह रही कि टीम के किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई। रेंजर सुमन कुमारी के साथ टीम में वनपाल मुकेश कुमार, सुधीर भढ़िया, सहायक वनपाल सुशीला रणवा और वन रक्षक प्रकाश आनंद बुडानिया शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही एसीएफ झुंझुनूं कमलचंद, हरेंद्र भाकर, फ्लाइंग रेंजर संदीप लॉयल और नवलगढ़ रेंजर अमित सैनी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। तस्करों ने हमारी गाड़ी को कई बार टक्कर मारकर गिराने और डराने का प्रयास किया, लेकिन टीम पीछे नहीं हटी। पिकअप जब्त कर ली गई है और आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज करवाया जा रहा है। सुमन कुमारी, रेंजर, चिड़ावा वन विभाग


