अलवर में महुआ के निकट मोरेड़ा गांव में रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे 11 हजार KV बिजली की लाइन का तार टूटकर बकरे-बकरी के बाड़े पर गिर गया। जिसके करंट से गांव के इलियास पुत्र फुलू के करीब 50 बकरे-बकरी मर गए। पशुपालक को करीब 10 लाख रुपए का नुकसान हो गया। घटना के 1 घंटे बाद तक कोई मौके पर नहीं आया। ग्राम पंचायत सरंपच ने पहुंचकर पशुपालक को ढांढ़स बंधाया। पशुपालक इलियास ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे बिजली का तार टूटा है। जो बाड़े के ऊपर से ही जा रहा था। मकान के भी बगल में हैं। तार टूटने से करीब 10 से 15 मिनट पहले ही उसकी पत्नी, साला व बच्चे बाड़े में बकरे-बकरियों को चारा डालकर निकले थे। वरना ये हादसा बड़ा हो सकता था। तार टूटकर बकरियों पर गिरया। जिससे मौके पर ही 50 बकरे-बकरी की मौत हो गई। 3 महीने पहले भी टूट गया था तार तीन महीने पहले भी बिजली का तार टूट गया था। तब हादसा होने से बच गया था। लेकिन बिजलीकर्मियों ने काम को ढंग से नहीं किया। सालों पुराने तारों को नहीं बदला गया। जिसके कारण अब वापस तार टूट गया। इससे पहले भी तार टूटने की घटना हो चुकी है। ग्राम पंचायत सरपंच इमरान ने बताया कि बिजलीकर्मियों की लापरवाही से पशुपालक को मोटा नुकसान हो गया। पशुपालक को मुआवजा मिलना चाहिए। इसके अलावा यहां से निकल रही बिजली की लाइन को तुरंत पूरी तरह दुरुस्त किया जाए। ताक आगे हादसा नहीं हो। अभी गांव के लोगों में भी दहशत है। यह लाइन दादर की तरफ जा रही है।


