बिलाईगढ़ में तहसीलदार ने किया क्लीनिक सील:बिना NOC चल रहा था, लंबे टाइम से शिकायतें भी मिल रही थी

बिलाईगढ़ मुख्यालय स्थित बंगलाभाटा के पास संचालित विश्वास क्लीनिक को प्रशासनिक टीम ने सील कर दिया है। जांच में क्लीनिक नगर पंचायत की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के बिना संचालित पाया गया। एसडीएम प्रफुल्ल रजक ने बताया कि विश्वास क्लीनिक के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों में गलत इलाज जैसे गंभीर आरोप भी शामिल थे। इन शिकायतों के बाद तहसीलदार कमलेश सिदार के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर जांच की गई। जांच के दौरान यह सामने आया कि क्लीनिक नगर पंचायत की एनओसी के बिना संचालित किया जा रहा था। इसके अलावा यह भी जानकारी सामने आई कि क्लीनिक संचालक डॉ. सौरभ विश्वास अक्सर बाहर रहते हैं और उनके पिता क्लीनिक संचालन संभालते हैं। इन अनियमितताओं को देखते हुए प्रशासन ने क्लीनिक को सील करने का फैसला लिया। देवरबोड गांव में युवती की मौत का मामला भी जांच में एसडीएम ने बताया कि बिलाईगढ़ से सटे देवरबोड गांव में एक युवती की कथित तौर पर गलत इलाज से मौत की सूचना मिली है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई लिखित शिकायत कॉपी प्राप्त नहीं हुई है और न ही प्रशासन ने इसकी पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवती ने इलाज के लिए विश्वास क्लीनिक में संपर्क किया था। इस मामले की भी जांच की जा रही है। डॉक्टर ने आरोपों को बताया गलत विश्वास क्लीनिक के संचालक डॉ. सौरभ विश्वास ने सभी आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि मृतक युवती इलाज के लिए क्लीनिक आई थी। उस समय वे घर पर थे और क्लीनिक में उनके पिता मौजूद थे। उनके पिता ने फोन पर उनसे चर्चा की थी। इसके बाद युवती को गैस की दवा और इंजेक्शन दिया गया था। डॉ. विश्वास ने बताया कि युवती की हालत देखकर हार्ट की समस्या की आशंका हुई थी, इसलिए उसे ईसीजी कराने के लिए बाहर दिखाने की सलाह दी गई थी, क्योंकि उनके क्लीनिक में ईसीजी की सुविधा नहीं है। उन्होंने कहा कि गलत इलाज का आरोप पूरी तरह निराधार है। क्लीनिक सील होने पर जताया विरोध डॉ. सौरभ विश्वास ने क्लीनिक सील करने की कार्रवाई पर भी विरोध जताया है। उन्होंने बताया कि जब क्लीनिक को सील किया गया, तब वे जगदलपुर में थे। उनका कहना है कि कार्रवाई के दौरान उनसे मोबाइल पर कोई चर्चा नहीं की गई और न ही कोई आदेश दिखाया गया। डॉ. सौरभ विश्वास ने कहा कि उनकी अनुपस्थिति में क्लीनिक को सील किया गया। उन्होंने दावा किया कि क्लीनिक बंद था, लेकिन उनके पिता को बुलाकर क्लीनिक खुलवाया गया और फिर सील किया गया। उन्होंने कहा कि न तो उनसे फोन पर बात की गई और न ही कोई लिखित आदेश दिखाया गया। डॉ. विश्वास ने बाहर रहने के आरोप को भी गलत बताया और कहा कि वे हमेशा बिलाईगढ़ में ही रहते हैं, केवल पढ़ाई के कारण बाहर जाते हैं। एनओसी को लेकर उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से आवेदन किया जा रहा है, लेकिन अब तक एनओसी क्यों नहीं मिल रही है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी जा रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *