भीड़ बढ़ी तो महिलाओं और पुरूषों की अलग-अलग बनाई लाइन:मंदिरों में दिव्य श्रृंगार झांकी की महाआरती में उमड़े श्रद्धालु

चूरू में महाशिवरात्रि पर्व रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिन्होंने भगवान शंकर की विशेष पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने अलसुबह से ही मंदिरों में कतारें लगानी शुरू कर दी थीं। शिवालयों में ‘ओम नमः शिवाय’ का जाप गूंजता रहा। भक्तों ने भगवान शिव को दूध, पंचामृत, फल, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प, अबीर, गुलाल और भस्म अर्पित कर जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक किया। कई मंदिरों में भगवान शंकर का रुद्राभिषेक भी किया गया। इस दौरान मंदिरों में भगवान शंकर का दिव्य श्रृंगार किया गया। महाआरती के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शहर के विभिन्न मंदिरों में दिनभर भक्तों का तांता लगा रहा। ‘लोगों के कष्टों को दूर करते है भगवान शंकर’
पर्व को देखते हुए शहर के मंदिरों में पुलिस बल तैनात रहा। महिला श्रद्धालु नीलम वर्मा ने बताया कि भगवान शंकर की पूजा-अर्चना करने से मनुष्य के कष्टों का निवारण होता है। मंदिरों में भक्तों का लगा रहा तांता
शहर के प्रमुख मंदिरों जैसे सब्जी मंडी स्थित महामंगलेश्वर मंदिर, शंकरनाथ जी की छतरी, पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर, जयपुर आरओबी के नीचे शिव मंदिर, नया बास शिव मंदिर, नए बस स्टैंड के पास शिव मंदिर, सफेद घंटाघर स्थित गंगामाई मंदिर, ओम कॉलोनी स्थित शिवालय, मोचीवाड़ा स्थित धुआंधोर बाबा महादेव मंदिर, शारदा स्कूल के पास शिवालय, गढ़ स्थित ठाकुरजी मंदिर, अगुणा मोहल्ला स्थित संचियाय माता मंदिर, रामजस कुएं के पास हनुमानधोरा मंदिर, टांई वालों की छतरी में स्थित शिवालय और कालीकमली मंदिर के शिवालय सहित अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *