दतिया में शेयर मार्केट ट्रेडिंग का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। छोटा बाजार निवासी एक युवक से आरोपी ने नकद और बैंक खातों के माध्यम से बड़ी रकम ऐंठ ली। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। मामले की जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का अपराध पाए जाने पर शनिवार रात कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित युवक ने शिकायत में बताया कि, उसका परिचित प्रांकुर साहू उर्फ सोमू उर्फ राज साहू, जो वर्तमान में दिल्ली में रह रहा है। उसने होटल में बुलाकर शेयर मार्केट ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच दिया। शुरुआत में पारिवारिक परेशानी बताकर 50 हजार रुपये डलवाए गए। इसके बाद अलग–अलग तारीखों में होटल में बुलाकर लाखों रुपये लिए गए। पीड़ित के अनुसार उसके खाते और दोस्तों के खातों से करीब 15 लाख रुपये आरोपी द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कराए गए। आरोप है कि पैसे देने का सिलसिला धमकी और दबाव में चलता रहा। बीच में कुछ रकम लौटाई गई, लेकिन अधिकांश पैसा वापस नहीं किया गया। जब लगातार रकम लौटाने की मांग की गई तो आरोपी, उसकी बहन और मां द्वारा जान से मारने की धमकी दी गई। मानसिक तनाव के चलते पीड़ित ने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद मामला सामने आया। जांच के दौरान पीड़ित और आरोपी के बैंक खातों के स्टेटमेंट खंगाले गए, जिनसे लेनदेन की पुष्टि हुई। शिकायत में यह भी सामने आया कि आरोपी और उसके परिजन इससे पहले भी उत्तर प्रदेश के मऊरानीपुर में कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं, जहां उनके खिलाफ मामला दर्ज है। फिलहाल इस पूरे मामले में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामला सामने आने के बाद शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं पुलिस ने लोगों को शेयर ट्रेडिंग के नाम पर होने वाली ठगी से सतर्क रहने की अपील की है।


