इंदौर में चंदन नगर–कालानी नगर सड़क को मिली मंजूरी:पश्चिमी इंदौर को मिलेगा नया विकास कॉरिडोर, निगम जल्द शुरू करेगा काम

इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र के विकास की दिशा में चंदन नगर से कालानी नगर को जोड़ने वाली बहुप्रतीक्षित 18 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण को राज्य शासन की अंतिम मंजूरी मिल गई है। शासन द्वारा गजट नोटिफिकेशन जारी होते ही प्रोजेक्ट से जुड़ी सभी कानूनी और प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। इसके साथ ही अब सड़क निर्माण कार्य का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। यह सड़क कई सालों से केवल बैठकों और प्रस्तावों तक सीमित थी। हाल ही में मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने इसकी प्रक्रिया शुरू कराई थी। शासन से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं, जिससे अब निर्माण कार्य शुरू होने में कोई बाधा नहीं है। ऐसा रहेगा सड़क का प्रोजेक्ट एयरपोर्ट रोड स्थित कालानी नगर चौराहे से धार रोड के चंदन नगर चौराहे तक बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही यह पश्चिमी रिंग रोड के लिए एक वैकल्पिक कॉरिडोर का काम करेगी। नंदन नगर और नगीन नगर के पास लगभग 800 मीटर सड़क को मास्टर प्लान में शामिल किया गया है, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर होगी। सड़क निर्माण क्षेत्र में 200 से अधिक अवरोधक चिन्हित किए गए हैं। नगर निगम ने इन्हें हटाने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके। मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि शासन से मंजूरी मिलने के बाद सभी दावे और आपत्तियों का निराकरण कर फाइल भेजी गई थी, जिसके बाद अब गजट नोटिफिकेशन भी जारी हो गया है। यह सड़क पश्चिमी क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी साबित होगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *