जयपुर में बीटेक स्टूडेंट के सुसाइड का मामला सामने आया है। पॉइजन खाने से तबीयत खराब होने पर उसे SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया था। ऑनलाइन सट्टा खिलावने के बाद उससे अवैध वसूली के लिए टॉर्चर कर रुपए वसूले जा रहे थे। जयसिंहपुरा खोर थाने में मृतक के चाचा ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया- जयसिंहपुरा स्थित नाई की थड़ी निवासी अशोक कुमार शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उसके भतीजे अभिषेक उर्फ नवल शर्मा (18) ने सुसाइड किया। वह कुकस स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। दो जनवरी को सुबह करीब 10 बजे घर पर अभिषेक की तबीयत खराब हो गई। चक्कर खाकर जमीन पर गिरने पर परिजनों ने उसे संभाला। SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाने पर दोपहर करीब 2:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। डॉक्टर्स ने परिजनों को बताया कि अभिषेक की पॉइजन खाने से मौत हुई है। मेडिकल सूचना पर हॉस्पिटल पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मोबाइल में मिले टॉर्चर के सबूत
जयसिंहपुरा खोर थाने में मृतक अभिषेक के चाचा अशोक कुमार ने आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है। चाचा अशोक कुमार ने बताया- भतीजे अभिषेक का मोबाइल चैक करने पर पता चला कि सागरा बोहरा, मनमोहन मीणा, राजेश व राहुल राणा ऑनलाइन मोबाइल पर सट्टा लगवाते है। जिन्होंने दबाव बनाकर अभिषेक से घर में रखे गहने-कैश और मकान डॉक्यूमेंट मंगवाकर हड़प लिए। जबरदस्ती भतीजे अभिषेक को झूठा ऑनलाइन सट्टा खिलवाया। रुपए देने का दबाव बनाकर डराना-धमकाना शुरू कर दिया। अवैध वसूली करने के लिए रोज 2-3 हजार रुपए की पेनेल्टी लगाकर वसूली करने के लिए दबाव बनाते। घर से उठा ले जाने की धमकी देते थे। दादा के नाम के प्लाट के ओरिजनल डॉक्यूमेंट भी मंगवाकर ले लिए। रुपए और पेनेल्टी नहीं देने पर घरवालों को प्लाट डॉक्यूमेंट और सट्टा खेलने की बात घरवालों को बताने की कहकर धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहे थे। आरोप है कि करीब 1.10 लाख रुपए कैश, कॉलेज फीस के 1.35 लाख रुपए और 6 लाख रुपए कीमत के जमीन डॉक्यूमेंट हड़पे है।


