झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना क्षेत्र में मदनपुरिया की घाटी में शनिवार रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को झालावाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार कामखेड़ा थाना इलाके के खेड़ी निवासी अरबाज (22) पुत्र असलम और जिगर (18) पुत्र मौसम अपने गांव से पिकअप में पाड़े (भैंस के बच्चे) भरकर रात को टोंक के लिए रवाना हुए थे। वे मजदूरी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य पिकअप ने उनकी पिकअप को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जिगर पुत्र मौसम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अरबाज पुत्र असलम गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अस्पताल चौकी पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने बताया कि टक्कर मारने वाला दूसरा पिकअप ड्राइवर भी लोहे के सरिए लेकर अलवर से घाटोली जा रहा था। वह भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है।


