जोधपुर में आज देवाधिदेव महादेव की आराधना का पावन पर्व महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस मौके पर जोधपुर के प्रमुख मंदिरों में विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लगी नजर आई। जोधपुर के प्राचीन दादा दरबार सिद्धनाथ महादेव मंदिर में करीब आधा किमी लंबी लाइन में श्रद्धालुओं खड़े नजर। सैकड़ों सीढ़ियां चढ़कर भक्त भोलेनाथ का जलाभिषेक कर दर्शन करने पहुंचे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए भी मंदिर में खास इंतजाम किए गए।
जोधपुर के भीतरी शहर स्थित गोवर्धन तालाब सोमेश्वर महादेव मंदिर में भी दर्शन के लिए श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी रहा। यहां महिला मंडली की ओर से भोलेनाथ के नाम का कीर्तन किया गया। पुजारी विश्वेश्वर भारती ने बताया- आज के दिन भोलेनाथ की पूजा का विशेष विधान है। मंदिर में इसे ध्यान में रखते हुए शिव परिवार का विशेष श्रृंगार किया गया है। वहीं हरसिद्धि मैय्या मंदिर में भी खास सजावट की गई है। मंदिर में शिवरात्रि की देर रात तक अभिषेक होंगे। जिसमें शहर के श्रद्धालु हिस्सा लेंगे।


