बठिंडा पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 6 किलो 500 ग्राम अफीम जब्त की है। बता दे कि यह कार्रवाई बठिंडा-बादल रोड पर एक चेकपॉइंट के दौरान की गई। आरोपी राजस्थान से यह खेप ला रहे थे।एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस ने बठिंडा-बादल रोड पर एक चेकपॉइंट लगाया था। इस दौरान एक स्विफ्ट कार को रोका गया, जिसमें सवार दो लोग घबराए हुए दिखे। तलाशी लेने पर कार से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक बठिंडा जिले का और दूसरा मानसा जिले का निवासी है। पुलिस के अनुसार, दोनों खेती का काम करते हैं।
कोर्ट ने रिमांड पर भेजा पुलिस ने बताया कि इन दोनों आरोपियों पर पहले भी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और उन्हें सजा भी हो चुकी है। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे आगे की पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क और अफीम की सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।


